*स्थापना दिवस पर प्रभातफेरी व मैराथन दौड़ आज होगी आयोजित*

*जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर पालिका परिसर में होगा आयोजन*

हरदा / जिले में मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की थीम पर केन्द्रित होगा। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय नगर पालिका कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम सायं 5:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में गायन, वादन, नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।  जिला स्तरीय कार्यक्रम में भोपाल में लाल परेड ग्राउन्ड पर सायं 6:30 बजे से आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रसारण भी बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर किया जाएगा।

             राज्य शासन के निर्देश अनुसार प्रातः 8 बजे से स्थानीय घण्टा घर से रैली व मैराथन दौड़ प्रारम्भ होगी जो कि नेहरू स्टेडियम पर जाकर सम्पन्न होगी। इसके अलावा स्कूली विद्यार्थियों द्वारा स्थापना दिवस प्रभातफेरी भी आयोजित की जायेगी। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिये जनभागीदारी अभियान विषय पर केन्द्रित गायन, वादन, नृत्य व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। जिला मुख्यालय पर स्थित सभी प्रमुख शासकीय भवनों व ऐतिहासिक स्मारकों पर 1 नवम्बर की रात्रि में प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

    *“राष्ट्रीय एकता दिवस” पर मोटर साईकिल रैली आयोजित हुई*


हरदा/ लोह पुरूष स्व. श्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर आज विवेकानन्द शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हरदा द्वारा मोटर साईकिल रैली आयोजित की गई। रैली को अपर कलेक्टर श्री जे.पी. सैयाम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली घण्टा घर चौक से प्रारम्भ होकर नेहरू स्टेडियम पर सम्पन्न हुई। रैली के समापन स्थल पर अपर कलेक्टर श्री सैयाम ने उपस्थित जनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। रैली में नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।


*स्वास्थ्य के लिये घातक और प्रतिबंधित पटाखों पर सख्ती से रोक लगायें - एसीएस डॉ. राजौरा*

हरदा / अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार स्वास्थ्य के लिये घातक और प्रतिबंधित पटाखों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिये हैं। डॉ. राजौरा ने इस संबंध में आज समस्त कलेक्टर्स को निर्देश भी जारी किए हैं।

            डॉ. राजौरा ने बताया है कि सुप्रीम कोर्ट ने पटाखों के उपयोग पर रोक नहीं लगाई है, लेकिन सीनियर सिटीजन्स और बच्चों के स्वास्थ्य को पटाखों से होने वाले नुकसान को बहुत गंभीरता से लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देशित किया है कि बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य के लिये घातक प्रतिबंधित पटाखों के निर्माण, भण्डारण, परिवहन, विक्रय और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाया जाना सुनिश्चित किया जाये। डॉ. राजौरा ने बताया कि सभी जिलों के कलेक्टर्स और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराये जाने के लिये कहा गया है।

Popular posts from this blog